कांग्रेस ने शिवराज का मुखौटा लगाकर नारियल की दुकान लगाई, कहा- वे घोषणावीर, जहां जाते हैं, नारियल फोड़ देते हैं, दुकान में करोड़ों के घोषणा नारियल

Posted By: Himmat Jaithwar
10/8/2020

इंदौर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को इंदौर दौरे पर हैं। सीएम के आने के पहले ही कांग्रेसियों उनके विरोध में नारियल की दुकान सजा ली। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री सिर्फ घोषणाएं कर नारियल फोड़ने का काम कर रहे हैं। प्रदेश के विकास पर उनका कोई ध्यान नहीं है। वे नारियल फोड़ना बंद करें और प्रदेश के विकास पर ध्यान दें। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का मुखौटा लगाकर नारियल की दुकान लगाई।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विवेक खंडेलवाल के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विवेक खंडेलवाल के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विवेक खंडेलवाल, राजीव विकास केंद्र के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव, गिरीश जोशी के नेतृत्व में गुरुवार सुबह गांधी भवन के बाहर शिवराज घोषणा वीर नारियल की दुकान लगाई। दुकान पर 50 करोड़ से 50 हजार करोड़ तक के घोषणा वीर नारियल उपलब्ध हैं। आए-दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घोषणाओं के नारियल फोड़ते हैं। घोषणा कभी पूरी नहीं होती है। पूर्व सरकार में भी मुख्यमंत्री द्वारा हजारों घोषणा की गईं, जो कभी पूरी नहीं हुईं।

प्रदेश कांग्रेस सचिव विवेक खंडेलवाल ने बताया कि मध्य प्रदेश में एक मुख्यमंत्री हैं- घोषणावीर शिवराज सिंह चाैहान। वे जहां भी जाते हैं, जेब में नारियल लेकर जाते हैं। जाे काेई कुछ बोलता है, वे जेब से नारियल निकालकर फोड़ देते हैं। वे घोषणावीर और नारियल फोडू मुख्यमंत्री हैं। उन्हें सिर्फ नारियल फोड़ना है, काम कुछ नहीं करना है। ऐसे सीएम के विरोध में हमने नारियल की दुकान लगाई है। इस दुकान के प्रोपराइटर शिवराज सिंह चौहान हैं। दुकान पर 50 करोड़ से 50 हजार करोड़ तक के घोषणा वीर नारियल उपलब्ध हैं। उनकी मांग है कि मुख्यमंत्री घोषणाएं कर नारियल फोड़ना बंद करें और विकास करें।



Log In Your Account