कहा- क्यों भ्रम फैला रहे हो, ट्रैक्टर पर सोफा लगाकर बैठते हो; पता नहीं की प्याज जमीन के नीचे होती है या ऊपर

Posted By: Himmat Jaithwar
10/9/2020

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अब राहुल गांधी पर किसान बिल के विरोध में ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रदर्शन करने को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा- क्यों भ्रम फैला रहे हो। एक तरफ राहुल गांधी ट्रैक्टर पर सोफा लगाकर घूम रहे हैं। खेती जाने नहीं। किसानी जाने नहीं। पता नहीं प्याज जमीन के नीचे होती है या फिर जमीन के ऊपर। यह तीनों बिल किसान हित में है। उनकी आय दोगुनी करने के लिए है।

इस तरह रैली के दौरान ट्रैक्टर पर बैठे नजर आए थे राहुल गांधी।
इस तरह रैली के दौरान ट्रैक्टर पर बैठे नजर आए थे राहुल गांधी।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का हमला

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पहली बार लग्जरी सोफा, लग्जरी जूते, लग्जरी जैकेट और पानी की बोतल रख कर कोई किसान निकला है। ना जानता है ना मानता है। आलू खेत में पैदा होता है या पेड़ में। ऐसा व्यक्ति किसान का नेतृत्व कर रहा है। इसके बारे में क्या कहें। हंसी ही आती 15 महीने का काम बता क्यों नहीं रहे हैं? आएंगे फिर कर देंगे क्यों कह रहे हैं। इसके पहले क्या किए हैं। संभावनाओं और कल्पना के ऊपर जी क्यों रहे हैं। हम जा रहे हैं, तो बता रहे हैं। हमने 0% ब्याज पर दिया। एक रुपए किलो चावल दिया। गेहूं दिया। हमने किसान के लिए खेती का लाभ का धंधा बनाया। विद्युत की अलग से लाइन दी गई। किसान के लिए खेती को लाभ पहुंचाने के लिए अलग से विधानसभा में बजट किया गया।

राहुल ने लगाए मौजूदा ढांचे को नष्ट करने के आरोप

राहुल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मोदी सरकार द्वारा कृषि कानूनों की शुरूआत खाद्य सुरक्षा के मौजूदा ढांचे को नष्ट करने का एक तरीका है। यह पंजाब राज्य को सबसे अधिक प्रभावित करने वाला है। यह हमारे किसानों के ऊपर हमला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पहले नोटबंदी लेकर आई। फिर जीएसटी लेकर आई और अब कृषि कानूनों को लेकर आई है। इन सभी के जरिए किसान और गरीब तबके के ऊपर आक्रमण किया जा रहा है।

छह अक्टूबर को रैली निकाली थी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छह अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस द्वारा आयोजित 'खेती बचाओ यात्रा' में हिस्सा लिया था। केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब और हरियाणा में काफी समय से ये विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। इसी दौरान सबकी नजरें उस वक्त राहुल पर टिक गई, जब वो ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर बैठ गए। राहुल गांधी ट्रैक्टर चला रहे थे। वे बीच में दूसरे ट्रैक्टर पर भी बैठे नजर आए। उनकी सीट कुशन वाली होने के कारण भाजपा ने उन्हें निशाने पर ले लिया।



Log In Your Account