24 दिन, शिवराज की 38 सभाएं, कमलनाथ की 19; शुरुआत में रोज 1-2 सभाएं हुईं, अब 3-4 सीटों पर रोज पहुंच रहे दोनों नेता

Posted By: Himmat Jaithwar
10/23/2020

भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची जारी हो गई। दोनों ने तीस-तीस लोगों के नाम दिए, लेकिन हर सीट पर डिमांड चंद नेताओं की ही है। भाजपा से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पहले नंबर पर हैं। हालांकि सभाएं, रैलियां और प्रचार की दौड़ में कमलनाथ से शिवराज सिंह आगे हैं। उपचुनाव की आदर्श आचार संहिता लगने वाले दिन 29 सितंबर से लेकर 22 अक्टूबर तक शिवराज सिंह ने 38 सभाएं कर ली, जबकि कमलनाथ ने 19 सभाएं की हैं।

अब ये दोनों नेता रोजाना तीन से चार सीटों पर पहुंच रहे हैं। साफ है कि प्रचार के लिए बचे हुए 10 दिनों में ये नेता हर सीट पर कम से कम दो बार और जा सकते हैं। भाजपा में शिवराज सिंह के साथ सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी तेजी से सभाएं कर रहे हैं। उन्होंने 25 सभाएं कर ली हैं। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की 17 और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की 19 सभाएं हुई हैं। कांग्रेस में अजय सिंह, अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा भी सक्रिय हैं। इनकी भी आठ से दस सभाएं हो चुकी हैं, लेकिन कांग्रेस का पूरा फोकस छोटी सभाओं और बैठकों पर है।

भांडेर-मेहगांव और पोहरी पर फोकस
सभाएं व रैलियों की संख्या को देखें तो चंबल और ग्वालियर संभाग की सीटों पर शिवराज सिंह व कमलनाथ का ध्यान ज्यादा है। खासतौर पर भांडेर और मेहगांव। यहां शिवराज व भाजपा के बाकी नेताओं ने छह-छह सभाएं की हैं। दो-दो सभाएं तो सिर्फ शिवराज ने की हैं। कमलनाथ यहां एक ही बार पहुंचे हैं, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह यहां पर्दे के पीछे सक्रिय हैं और गोविंद सिंह-अजय सिंह सभाएं ले रहे हैं। पोहरी और करैरा में भी मुख्यमंत्री दो बार जा चुके हैं। ब्यावरा में तीन बार।

कांग्रेस में एक, भाजपा के पास तीन हेलीकॉप्टर
15 अक्टूबर तक भाजपा दो हेलीकॉप्टर का उपयोग कर रही थी, जिसमें से एक मुख्यमंत्री के पास और एक हेलीकॉप्टर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा व केंद्रीय नरेंद्र सिंह तोमर के बीच था। सिंधिया के 18 अक्टूबर से सक्रिय होने के बाद एक हेलीकॉप्टर उन्हें दिया गया है। कांग्रेस में कमलनाथ ही एक हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर रहे हैं। 25 अक्टूबर से एक हेलीकॉप्टर और आ जाएगा। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती इसी दिन से एक्टिव होंगे।

एक नजर... अब तक कितनी सीटों पर पहुंचे प्रमुख नेता, कितनी बाकी

  • शिवराज सिंह- 26 सीटों पर गए, अनूपपुर-मुरैना छूटी।
  • कमलनाथ- 29 सितंबर के बाद 19 सीटों पर गए, इससे पूर्व 4 सीटों पर जा चुके, 5 बाकी।
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया- 24 सीटों पर अभी तक गए, चार छूटी हैं।
  • नरेंद्र सिंह तोमर- 18 सीटों पर पहुंच चुके हैं, 10 बाकी हैं।



Log In Your Account