गया में महिलाओं का हंगामा, आरोप- भाजपा को वोट देने का दबाव बनाया; नवादा के हसनगंज में 2 घंटे वोटिंग नहीं

Posted By: Himmat Jaithwar
10/28/2020

पटना। बिहार में चुनाव है। तीन फेज में वोटिंग होनी है। आज पहले फेज की 71 सीटों पर वोटिंग जारी है। 1 हजार 66 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 952 पुरुष और 114 महिलाएं हैं। दूसरे फेज की वोटिंग 3 नवंबर और तीसरे फेज की वोटिंग 7 नवंबर को होगी। नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।

कोरोना के चलते चुनाव आयोग ने वोटिंग का समय एक घंटे बढ़ाया है। लेकिन, अलग-अलग सीटों पर वोटिंग खत्म होने का समय अलग-अलग है। 4 सीटों पर सुबह 7 से शाम 3 बजे तक वोटिंग होगी। वहीं, 26 सीटों पर शाम 4 बजे तक, 5 सीटों पर 5 बजे तक, बाकी 36 सीटों पर 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

71 सीटों पर वोटिंग का ट्रेंड

समय वोट %
8 बजे 2.4
9 बजे 6.74
11 बजे 18

मोदी और राहुल के ट्वीट

9 बजे तक किस जिले में कितनी वोटिंग

बांका 9.7%
मुंगेर 4.5%
जमुई 6.3%
भोजपुर 5.8%
बक्सर 6.0%
शेखपुरा 5.8%
कैमूर 3.9%
रोहतास 6.5%
अरवल 5.1%
गया 7.0%
लखीसराय 6.7%
पटना 5.5%
भागलपुर 3.2%
नवादा 7.6%
औरंगाबाद 9.9%
जहानाबाद 6.3%

अपडेट्स...

  • बिहार में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई थी। कई बूथों पर कोरोना से बचाव के उपाय सैनिटाइजर और टेम्परेचर मापने के लिए थर्मल गन दिखी। हालांकि कई जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग नदारद रही। इसके साथ ही कई वोटरों और मतदान अधिकारियों ने मास्क पहनने में कोताही बरती। यहां तक कि लखीसराय में वोट डालने पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तो मास्क पहना था, पर उन्हें वोट डलवा रहे पीठासीन अधिकारी का मास्क ठुड्डी पर था।
  • कई बूथों पर गड़बड़ियां देखने को मिल रही हैं। गया के वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में एक वोटर के हाथ पर लगाई गई स्याही ही मिट गई। यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सटे बूथ पर पंकज नाम के वोटर वोट देकर जैसे ही बाहर निकले उनकी उंगली पर लगे निशान को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने बताया कि उंगली पर निशान तो लगाया था, पर वह कुछ ही सेकंड के अंदर मिट गया। यह कौन सा निशान है, जो मिट जाता है।
  • मतदान शुरू होने से पहले औरंगाबाद के बालूगंज में दो IED मिले। CRPF ने सर्च अभियान के दौरान मिले इस IED को डिफ्यूज कर दिया। यह इलाका नक्सल प्रभावित हैं। इससे पहले मंगलवार को गया के इमामगंज में दो IED मिले थे। CRPF ने इसे भी डिफ्यूज कर दिया था।
  • आरा की शाहपुर विधानसभा के बिहीयां गांव के बूथ-286, मुंगेर विधानसभा 165 के बूथ-231, नौवागढ़ी महादेवपुर सरकारी बंगले पर EVM खराब होने से फिलहाल मतदान बाधित है। मुंगेर के नौवागढ़ी में EVM में राजद प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने बटन नदारद मिला।
  • नवादा जिले के हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के फुलमा गांव के बूथ-258 पर भाजपा के पोलिंग एजेंट कृष्ण प्रसाद सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्हें अचानक सीने दर्द हुआ। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त उन्होंने दम तोड़ दिया।
  • गया शहरी विधानसभा क्षेत्र के स्वराजपुरी रोड स्थित बूथ पर महिलाओं ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि भाजपा को वोट देने के लिए कुछ लोग दबाव बना रहे थे। इसके बाद महिलाएं लोग वहां मौजूद मतदानकर्मियों से उलझ पड़ीं। गया शहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता और राज्य के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार प्रत्याशी हैं। कांग्रेस से अखौरी ओंकार नाथ यहां मैदान में हैं।
  • पटना जिले के पालीगंज और नवादा के हसनगंज में लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। ये लोग अपने इलाके की सड़क की समस्या को लेकर नाराज थे। वहीं, नवादा जिले के हसनगंज के बूथ-255 और 256 पर ग्रामीणों ने वोटिंग का बहिष्कार किया। 2 घंटे तक यहां एक भी वोट नहीं पड़ा।
  • पहले फेज की 6 बड़ी बातें

    1. सबसे ज्यादा 27 उम्मीदवार गया टाउन और सबसे कम 5 उम्मीदवार कटोरिया सीट पर।
    2. सबसे ज्यादा 42 सीटों पर राजद, 41 पर लोजपा और 40 पर रालोसपा चुनाव लड़ रही है। भाजपा 29 पर और उसकी सहयोगी जदयू 35 पर मैदान में है। 22 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
    3. 31 हजार 371 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसमें 31 हजार 371 कंट्रोल यूनिट और VVPAT यूज होंगे। 41 हजार 689 EVM का इस्तेमाल होगा।
    4. वोटर के लिहाज से हिसुआ सबसे बड़ी विधानसभा है। यहां 3.76 लाख मतदाता हैं। इनमें 1.96 लाख पुरुष, 1.80 लाख महिला और 19 ट्रांसजेंडर हैं।
    5. वोटर के लिहाज से बरबीघा सबसे छोटी विधानसभा है। यहां 2.25 लाख वोटर हैं। इनमें 1.17 लाख पुरुष, 1.08 लाख महिलाएं हैं।
    6. 328 उम्मीदवारों पर क्रिमिनल केस। 375 करोड़पति।



Log In Your Account