बंगाल के निजी अस्पतालों में 950 रु. में होगा RT-PCR टेस्ट,‌ ऑनलाइन पढ़ाई के लिए 12वीं के छात्रों को फ्री टैबलेट

Posted By: Himmat Jaithwar
12/4/2020

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के निजी अस्पतालों और लैब में कोरोना का RT-PCR टेस्ट कराने के लिए अब 950 रुपये लगेंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। दो महीने में दूसरी बार इस टेस्ट के रेट कम किए गए हैं। अब तक इसके लिए 1250 रुपये लग रहे थे।

अक्टूबर में भी पश्चिम बंगाल सरकार ने टेस्ट की कीमत कम की थी। तब इसके लिए 2,250 रुपये लगते थे। RT-PCR टेस्ट को सबसे भरोसेमंद माना जाता है। हालांकि, इसके रेट बहुत ज्यादा होते हैं।

ममता बनर्जी ने 12वीं के साढ़े नौ लाख स्टूडेंट्स को फ्री टैबलेट देने का भी ऐलान किया। ममता ने कहा कि कोरोना के कारण स्कूल बंद किए गए हैं। बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा मिल सके, इसलिए यह फैसला लिया गया है। ये टैबलेट 14,000 स्कूलों और 636 मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को दिए जाएंगे।

देश में 4.22 लाख एक्टिव केस, ये बीते 133 दिनों में सबसे कम

देश में कोरोना के एक्टिव केस में गिरावट का सिलसिला लगातार पांच दिन से जारी है। बुधवार को 5059 एक्टिव केस कम हुए। यह लगातार चौथा दिन रहा जब पांच हजार से ज्यादा मरीज कम हुए। बीते चौबीस घंटे में कुल 33 हजार 743 नए केस आए, 37 हजार 301 मरीज ठीक हुए और 497 की मौत हो गई।

अब तक कुल 95.64 लाख केस आ चुके हैं, 90.08 लाख ठीक हो चुके हैं, 1.39 लाख की मौत हो चुकी है। कुल एक्टिव केस अब 4.22 लाख बचे हैं, जो 22 जुलाई के बाद सबसे कम हैं। तब इनकी संख्या 4.25 लाख थी। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

DCGI की जांच में कोवीशील्ड को क्लीनचिट

ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) की जांच में कोरोना की वैक्सीन कोवीशील्ड (Covidshield Vaccine) को क्लीनचिट मिल गई है। DCGI को वैक्सीन का डोज लेने वाले वॉलंटियर की खराब सेहत और वैक्सीन के बीच कोई तालमेल नहीं मिला। DCGI ने यह नतीजा इंडिपेंडेंट एक्सपर्ट पैनल की रिपोर्ट के आधार पर निकाला है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वॉलंटियर को किसी तरह का मुआवजा देने की जरूरत नहीं है। इस एक्सपर्ट पैनल में एम्स नई दिल्ली, सफदरगंज अस्पताल, पीजीआई चंडीगढ़, लेडी हार्डनिंग मेडिकल कॉलेज, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टर्स शामिल थे।

चेन्नई के वॉलंटियर ने लगाया था आरोप
कोवीशील्ड वैक्सीन को सीरम इंस्टीट्यूट तैयार कर रही है। चेन्नई में ट्रायल के दौरान वैक्सीन लगवाने वाले 40 साल के वॉलंटियर ने इसके गंभीर साइड इफेक्ट होने का आरोप लगाया था। वॉलंटियर ने कहा था कि वैक्सीन का डोज लेने के बाद से उसे न्यूरोलॉजिकल समस्याएं (दिमाग से जुड़ी परेशानियां) शुरू हो गई हैं। वॉलंटियर ने इसके लिए सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) से पांच करोड़ रुपए का हर्जाना मांगा था।

कोरोना अपडेट्स

  • राजसमंद से भाजपा सांसद और जयपुर के पूर्व घराने की सदस्य दीया कुमारी कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। वे बुधवार को राजसमंद विधायक दिवंगत किरण माहेश्वरी को श्रद्धासुमन अर्पित करने जिला भाजपा कार्यालय पहुंची थीं।
  • ओडिशा सरकार ने प्राइवेट लैब्स में RT-PCR टेस्ट की दर 1200 से घटाकर 400 कर दी है। राज्य सरकार ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सरकार के मुताबिक, जुलाई में टेस्ट की दर 2200 रुपए थी, जो अगस्त में घटाकर 1200 रुपए की गई थी।
  • पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ऐलान किया है कि वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद पंजाब में सबसे पहला डोज वह खुद लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) से वैक्सीन अप्रूवल होने के बाद जब पंजाब में वैक्सीन आएगी तो वह इसका पहला डोज लेंगे।
  • कोवैक्सीन के तीसरे फेज का ट्रायल बुधवार से पश्चिम बंगाल में शुरू हो गया। कोलकाता में इसका पहला डोज राज्य के मंत्री फरहद हकीम ने ली।

5 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

राजधानी दिल्ली में बुधवार को 3944 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 5329 लोग रिकवर हुए और 82 की जान चली गई। अब तक 5 लाख 78 हजार 324 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 30 हजार 302 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 5 लाख 38 हजार 680 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 9342 हो गई है।

2. मध्यप्रदेश

राज्य में बुधवार को 1439 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1838 लोग रिकवर हुए और 17 की मौत हो गई। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा अब 2 लाख 8 हजार 924 हो गया है। इनमें 14 हजार 19 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 91 हजार 618 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3287 हो गई है।

3. गुजरात

बुधवार को राज्य में 1512 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 1570 लोग रिकवर हुए और 14 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 12 हजार 769 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14 हजार 713 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 94 हजार 38 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 4018 हो गई है।

4. राजस्थान

राज्य में बुधवार को 1990 लोग संक्रमित पाए गए। 3235 लोग रिकवर हुए और 19 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 72 हजार 400 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 26 हजार 710 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 43 हजार 340 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2350 हो गई है।

5. महाराष्ट्र

राज्य में बुधवार को 3350 नए मरीजों की पहचान हुई। 3796 लोग रिकवर हुए और 111 की मौत हो गई। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा अब 18 लाख 32 हजार 176 हो गया है। इनमें 88 हजार 537 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 95 हजार 208 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 47 हजार 357 हो गई है।



Log In Your Account