BJP जिलाध्यक्षों की बैठक आज लेंगे CM शिवराज व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, दोपहर बाद चुनाव संचालन समिति करेगी मंथन

Posted By: Himmat Jaithwar
1/28/2021

भोपाल। मार्च-अप्रैल में संभावित नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्षों की बैठक आज गुरुवार को दोपहर 12 बजे पार्टी प्रदेश कार्यालय में होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी इसमें मौजूद रहेंगे। इसमें नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति और प्रत्याशी चयन पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है,कि चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके बाद नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बनाई गई चुनाव संचालन समिति की पहली बैठक दोपहर लगभग 3 बजे होगी। इस समिति का गठन पिछले सप्ताह किया गया है।
पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के संयोजन में गठित इस 22 सदस्यीय समिति में 5 विधायकों को भी सदस्य बनाया गया है। वहीं एक सांसद व प्रदेश सरकार के एक मंत्री विशेष आमंत्रित सदस्यों में शामिल हैं। बैठक में चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के कार्यक्रम भी तय किए जाएंगे। वर्तमान में मुख्यमंत्री विभिन्न नगर निगम वाले शहरों में पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। बीते दो दिन में वह सतना व देवास नगर निगमों के इन कार्यक्रमों में शामिल हुए। वहीं रीवा में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी भी व अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।

30-31 को इंदौर में कार्यकारिणी बैठक
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा की नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक 30 व 31 जनवरी को इंदौर में होगी। पहले दिन बैठक शाम को शुरू होगी व अगले दिन भी इसका आयोजन होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव भी इसमें शामिल होंगे। कार्यकारिणी की तीन साल बाद यह बैठक होने जा रही है। इससे पूर्व तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के कार्यकाल में गठित कार्यकारिणी की बैठक विधानसभा चुनाव से पूर्व आयोजित की गई थी।



Log In Your Account