कमलनाथ ने कहा- कल MP बंद रहेगा; पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर सड़कों पर उतरेंगे

Posted By: Himmat Jaithwar
2/19/2021

पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस शनिवार को प्रदर्शन करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कल यानी 20 फरवरी को प्रदेश में आधे दिन के बंद का आह्वान किया है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर प्रदेश में सभी कुछ बंद करने की बात कांग्रेस ने कही है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता इसके लिए अभियान चला रहे हैं।

आज दिन भर कार्यकर्ता मार्केट में घूम-घूमकर व्यापारियों से अपनी दुकानें बंद रखने का आह्वान करेंगे। इसके साथ ही उनसे बंद के समर्थन में सहमति भी ली जा रही है। युवा कांग्रेस मध्यप्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि कमलनाथ के आह्वान पर हम प्रदेश भर में शांति पूर्ण बंद करेंगे।

सरकार वसूली में लगी हुई है

नाथ ने वीडियो जारी कर कहा कि पेट्रो पदार्थों की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान हो रही है। सरकार जनता को राहत पहुंचाने के बजाय टैक्स वसूली में लगी है। सरकार के खिलाफ और आम लोगों को राहत देने के इरादे से कांग्रेस ने 20 फरवरी को मध्यप्रदेश बंद का आह्वान किया है। मैं सबसे अपील करता हूं कि इस बंद में शामिल होकर सरकार को जगाने में साथ दें।

जबरन बंद नहीं कराएगी कांग्रेस

विवेक त्रिपाठी ने बताया कि यह बंद शनिवार दोपहर तक रहेगा। इस दौरान हम जबरन बंद नहीं कराएंगे। यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहेगा। व्यापारियों से इसके समर्थन में बंद करने का अनुरोध करेंगे। हमने आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं को बंद से बाहर रखा है।

सिर्फ किराने, बर्तन, इलेक्ट्राॅनिक और अन्य तरह के दुकानदारों से अपना कारोबार शनिवार दोपहर बंद रखने के लिए कह रहे हैं। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने इसका समर्थन दिया है। वे कल अपनी-अपनी दुकानें और कारोबार बंद रखेंगे।



Log In Your Account