बीते दिन 5.22 लाख नए संक्रमित मिले, 12,069 की मौत; गरीब देशों को वैक्सीन की 10 करोड़ मुहैया कराएंगे यूरोपीय देश

Posted By: Himmat Jaithwar
5/26/2021

दुनियाभर में कोरोना महामारी की वजह से हड़कंप मचा हुआ है। एक दिन की राहत के बाद बीते दिन एक बार फिर कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। दुनिया में बुधवार को 5 लाख 22 हजार 460 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 12,069 लोगों की महामारी की वजह से मौत भी हुई। उधर, यूरोपियन देशों ने गरीब देशों को कोरोना वैक्सीन दान करने का फैसला लिया है। यूरोपीय देशों के नेताओं ने कहा कि वे साल के अंत तक ऐसे देशों को वैक्सीन के 10 करोड़ डोज मुहैया कराएगा, जो वैक्सीन खरीदने में सक्षम नहीं हैं।

सबसे ज्यादा केस और मौतें भारत में
कोरोना के रोजाना मामले और मौतें अब भी भारत में ही रिकॉर्ड की जा रही हैं। बीते दिन यहां 2.08 लाख लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। यहां 4,172 लोगों की मौत भी हुई। बीते दिन दुनिया में हुई मौतों से तुलना करें, तो मंगलवार को कोरोना की वजह से जान गंवाने वाला हर तीसरा शख्स भारतीय था।

ब्राजील में भी नहीं थम रहीं मौतें
भारत के बाद ब्राजील में सबसे ज्यादा मौतें रिकॉर्ड की जा रही हैं। यहां बीते दिन 2,198 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई। ब्राजील में अब तक 4.52 लाख लोग कोरोना की वजह से जान गंवा चुके हैं। यह आंकड़ा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है। अमेरिका में 6 लाख से ज्यादा लोगों की महामारी के दौरान मौत हुई है।

मॉडर्ना का दावा- हमारी वैक्सीन 12 से 17 साल के बच्चों पर भी 100% कारगर

  • मॉडर्ना ने अपनी वैक्सीन के बच्चों पर हुए दूसरे और तीसरे चरण के ट्रायल के नतीजे घोषित किए हैं। कंपनी ने मंगलवार को बयान जारी कर बताया कि उसकी वैक्सीन बच्चों पर 100% प्रभावी और सुरक्षित पाई गई है। यह ट्रायल 12 से 17 साल के बच्चों पर किया गया था।
  • इस बीच मॉडर्ना से जुड़ी एक और अहम खबर यह भी है कि कंपनी अपनी सिंगल डोज कोविड वैक्सीन को अगले साल भारत में उतार सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी भारत में वैक्सीन की 5 करोड़ डोज उतारने के लिए सिप्ला समेत देश की कई और दवा कंपनियों से बातचीत कर रही है।

कोरोना अपडेट्स

  • अमेरिका ने चीन से कहा है कि कोरोनावायरस कैसे फैला, कहां से शुरू हुआ? इसकी पारदर्शी तरीके से नई जांच होनी चाहिए। इतना ही नहीं अमेरिका ने चीन के दुश्मन ताइवान को ऑब्जर्वर बनाने की मांग भी कर दी। दबाव बढ़ा तो चीन ने रिपोर्ट को खारिज करते हुए इसमे अमेरिका का नया झूठ करार दे दिया।
  • अमेरिका ने अपने नागरिकों की विदेश यात्रा को लेकर चेतावनी जारी की है। US सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने देश के लोगों से जापान और श्रीलंका की यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। CDC के मुताबिक, बहुत जरूरी होने पर पहले वैक्सीनेट होने के बाद ही लोग इन देशों की यात्रा करें।

अब तक 16.85 करोड़ केस
दुनिया में कोरोना के अब तक 16.85 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 34.99 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 करोड़ से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.49 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.48 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 96,302 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए

देश संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 33,947,189 605,208 27,606,442
भारत 27,156,382 311,421 24,343,299
ब्राजील 16,195,981 452,224 14,648,332
फ्रांस 5,609,050 108,879 5,246,228
तुर्की 5,203,385 46,621 5,045,508
रूस 5,017,795 119,194 4,632,955
ब्रिटेन 4,467,310 127,739 4,305,971
इटली 4,197,892 125,501 3,804,246
जर्मनी 3,662,568 88,161 3,423,700
स्पेन 3,652,879 79,801 3,402,258

(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)



Log In Your Account