बीते दिन 5.02 लाख केस, अब तक 17 करोड़ से ज्यादा संक्रमित; पाकिस्तान में सबसे पहले भारत में मिले वैरिएंट का पहला मरीज मिला

Posted By: Himmat Jaithwar
5/29/2021

दुनियाभर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते दिन दुनिया में 5 लाख दो हजार 669 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 11,897 लोगों की मौत भी हुई। इसी के साथ दुनिया में अब तक 17 करोड़ से ज्यादा संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा मामले और मौतें भारत में रिकॉर्ड की गई। यहां शुक्रवार को 1.71 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई और 3,563 लोगों की महामारी की वजह से जान गई।

उधर, पाकिस्तान में शुक्रवार को कोरोना के नए वैरिएंट B.1.617.2 के पहले मरीज की पुष्टि हुई। यह स्ट्रेन सबसे पहले भारत में पाया गया था। पाकिस्तान की हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, मई के पहले 3 हफ्तों के सैंपलों की जीनोम सीक्वेंसिंग में इस वैरिएंट का पता चला। इसके अलावा 7 कोरोना मरीजों में साउथ अफ्रीकी वैरिएंट की भी पुष्टि हुई है।

जापान में पाबंदियां 20 जून तक बढ़ाई गई
जापान में कोरोना की नई लहर के मद्देनजर पाबंदियां बढ़ा दी गई हैं। टोक्यो ओलिंपिक के आयोजन अब दो महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में जापान सरकार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती। इसलिए यहां पहले से लागू पाबंदियों को 20 जून तक बढ़ा दिया गया है।

विक्टोरिया में 7 दिन का लॉकडाउन
ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में कोरोना के नए वैरिएंट B.1.617 के 13 मामले मिलने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार को इन मामलों की संख्या 27 पहुंच गई। इससे संक्रमित एक व्यक्ति को वेंटिलेटर पर भी रखना पड़ा। अब तक इन 27 लोगों के संपर्क में 10 हजार लोग आ चुके हैं। जिसके बाद विक्टोरिया में 7 दिन का सख्त लॉकडाउन लगा दिया गया है।

राज्य सरकार ने कहा कि हाल के दिनों में यह राज्य में संक्रमण की सबसे तेज रफ्तार है। इसलिए यह चिंता का विषय है। अब लॉकडाउन में किसी भी व्यक्ति को जरूरी चीजों की शॉपिंग के लिए घर से 5 किमी से अधिक दूरी पर जाने की इजाजत नहीं होगी।

वैक्सीन अपडेट

1. यूरोप में 12 से 15 साल के किशोरों को भी वैक्सीन लगेगी
इस बीच यूरोपीय यूनियन से वैक्सीनेशन पर एक अहम खबर आई है। इसके मुताबिक, यूरोपीय मेडिसिन एजेंसी (EMA) ने 12 से 15 साल के किशोरों को भी वैक्सीन लगाने के लिए मंजूरी दे दी है। EMA ने इस एज ग्रुप को फाइजर/बायोएनटेक की वैक्सीन लगाने को कहा है। यही वो पहली वैक्सीन है जिसे इस एज ग्रुप के लिए मंजूरी दी गई है।

2. ब्रिटेन में J&J की वैक्सीन को मंजूरी
ब्रिटेन ने शुक्रवार को जॉनसन एंड जॉनसन की सिंगल शॉट यानी सिंगल डोज वैक्सीन को मंजूरी दे दी। ब्रिटेन के मेडिसिन एंड हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स रेग्युलेट्री अथॉरिटी (MHRA) ने यह मंजूरी दी है। माना जा रहा है कि इस सिंगल शॉट वैक्सीन को अप्रूवल के बाद देश की इकोनॉमी को पूरी तरह खोलने में मदद मिलेगी। ब्रिटेन में अब तक चार वैक्सीन को अप्रूवल दिया जा चुका है। हालांकि, ब्रिटेन में नए वैरिएंट्स को लेकर कई तरह की चिंताएं भी हैं।

अब तक 17.01 करोड़ केस
दुनिया में कोरोना के अब तक 17.01 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 35.37 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15.20 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.46 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.45 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 93,379 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए

देश संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 34,022,657 608,961 27,767,040
भारत 27,719,431 322,384 25,170,952
ब्राजील 16,392,657 459,171 14,811,266
फ्रांस 5,646,897 109,290 5,303,607
तुर्की 5,228,322 47,134 5,083,099
रूस 5,044,459 120,406 4,661,234
ब्रिटेन 4,477,705 127,768 4,284,613
इटली 4,209,707 125,919 3,837,518
अर्जेंटीना 3,702,422 76,693 3,252,843
जर्मनी 3,680,159 88,884 3,461,700



Log In Your Account