बीते दिन 3.98 लाख नए केस, 8,319 मौतें; नए संक्रमितों का आंकड़ा पिछले 82 दिनों में सबसे कम

Posted By: Himmat Jaithwar
5/31/2021

दुनियाभर में कोरोना की रफ्तार थमने लगी है। बीते दिन दुनिया में करीब 3 महीने बाद नए संक्रमितों का आंकड़ा 4 लाख से नीचे पहुंचा। रविवार को दुनियाभर में 3 लाख 98 हजार 811 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई। इससे पहले 9 मार्च को दुनिया में 3.93 लाख लोग कोरोना की चपेट में आए थे। बीते दिन 8,319 लोगों की कोरोना की वजह से मौत भी हुई।

इटली में अक्टूबर के बाद सबसे कम मौतें
इटली में बीते दिन कोरोना के 2,949 मामले सामने आए और 44 लोगों की जान गई। एक दिन में होने वाली मौतों का ये आंकड़ा पिछले साल अक्टूबर के बाद से सबसे कम है। इससे पहले अक्टूबर मिड तक यहां औसतन 40 से 50 मौतें हो रही थीं। इसके बाद यह आंकड़ा कई गुना तक बढ़ गया था।

ब्रिटेन में NHS स्टाफ के लिए वैक्सीनेशन अनिवार्य करने की तैयारी
ब्रिटेन में सरकार NHS स्टाफ के लिए वैक्सीनेशन अनिवार्य करने की तैयारी कर रही है। यहां के वैक्सीनेशन की जिम्मेदारी संभालने वाले मंत्री नधीम जाहवी ने बताया कि सरकार इस पर मंथन कर रही है। हम जल्द किसी नतीजे पर पहुंचेंगे और आपको इस बारे में जानकारी देंगे।

अपडेट्स

  • अमेरिका में बड़े पैमाने पर कोरोना टीकाकरण के अच्छे नतीजे सामने आ रहे हैं। अमेरिकी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इन दिनों अमेरिका के ज्यादातर राज्यों का मौसम सुहावना है। इसलिए 4 करोड़ अमेरिकी पर्यटन यात्रा पर निकल गए हैं। उन्हें समुद्र तटों, ऐतिहासिक और सुंदर स्थानों की सैर करते देखा जा सकता है।
  • कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच वियतनाम में वायरस के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई है। दावा है कि यह हवा के जरिए तेजी से फैलता है। वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्री गुयेन थान लॉन्ग ने बताया कि इस वैरिएंट में भारत और ब्रिटेन में मिले B.1.617 से मिलते-जुलते स्ट्रेन हैं।

अब तक 17.10 करोड़ केस
दुनिया में कोरोना के अब तक 17.10 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 35.56 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15.32 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.43 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.42 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 92,057 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए

देश संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 34,043,068 609,544 27,840,884
भारत 28,046,957 329,127 25,684,529
ब्राजील 16,515,120 462,092 14,912,744
फ्रांस 5,666,113 109,402 5,315,150
तुर्की 5,242,911 47,405 5,105,042
रूस 5,063,442 121,162 4,677,870
ब्रिटेन 4,484,056 127,781 4,287,708
इटली 4,216,003 126,046 3,851,661
अर्जेंटीना 3,753,609 77,456 3,319,068
जर्मनी 3,687,715 89,051 3,478,600

(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)



Log In Your Account