पत्नी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भड़के जायर बोल्सोनारो, जर्नलिस्ट से कहा- मुक्कों से मुंह तोड़ दूंगा

Posted By: Himmat Jaithwar
8/24/2020

ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो रविवार को अपनी पत्नी के भष्ट्राचार से जुड़े सवाल पर भड़क गए। एक अखबार के न्यूज रिपोर्टर ने जब उनसे उनकी पत्नी मिशेल बोल्सोनारो के भ्रष्टाचार में शामिल होने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा- मैँ तुम्‍हारा मुंह मुक्कों से तोड़ना चाहता हूं। इसके बाद वहां मौजूदा मीडियाकर्मियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। हालांकि, बोल्सोनारो प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों को नजरअंदाज कर वहां से निकल गए। उन्होंने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

मिशेल के रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर फैब्रिसिओ क्यूरोज के साथ मिलकर भ्रष्टाचार करने की खबरें सामने आई हैं। क्यूरोज फिलहाल सीनेट के सदस्य हैं और राष्ट्रपति बोल्सोनारो और उनके बेटे फ्लेवियो के करीबी माने जाते हैं। उन पर सरकारी कर्मचारियों का वेतन का गबन करने का आरोप है। रिपोर्टर ने बोल्सोनारो से इसके बारे में ही सवाल किया था।

मिशेल के खाते में आया गबन का पैसा

ब्राजील की क्रूसो मैगजीन में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, भ्रष्टाचार के आरोपी क्यूरोज ने 2011 और 2016 के बीच मिशेल बोल्सोनारो के खाते में पैसे डाले थे। यह कर्मचारियों के वेतन की वही रकम थी, जिसका गबन किया गया। मिशेल और जायर बोल्सोनारो के बेटै फ्लेवियो भी इस मामले में आरोपी हैं। सरकारी कर्मचारियों के वेतन की हेराफेरी जनवरी 2019 में बोल्सोनारो के राष्ट्रपति बनने से पहले हुई थी। उस समय फ्लेवियो रियो डी जेनेरियो से सांसद थे।

महामारी को लेकर लोगों की नाराजगी झेल रहे बोल्सोनारो

महामारी को लेकर बोल्सोनारो को देश के लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने महामारी फैलने के शुरुआती दिनों में इसे गंभीरता से नहीं लिया था और इसे एक मामूली फ्लू बताया था। उन्होंने देश में लॉकडाउन लगाने का भी विरोध किया था। राज्यों की ओर से लॉकडाउन पर ऐतराज जताया था। मास्क को जरूरी करने पर भी आनाकानी की थी। हालांकि, खुद पॉजिटिव पाए जाने के बाद वे मास्क लगाए नजर आए थे। ब्राजील में 36 लाख से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आए है और 1 लाख से ज्यादा मौतें हुई हैं।



Log In Your Account