चंबल छोड़ एमपी के बाकी हिस्सों में भाजपा को बढ़त, मालवा-निमाड़-बुंदेलखंड में एक भी सीट पर कांग्रेस नहीं

Posted By: Himmat Jaithwar
11/10/2020

भोपाल। शुरुआती नतीजों में भाजपा को मालवा, ग्वालियर, निमाड़ और बुंदेलखंड में एकतरफा बढ़त मिलती नजर आ रही है। चंबल में कांग्रेस भारी पड़ती दिख रही है। भोपाल क्षेत्र की दो सीटों में एक-एक सीट पर भाजपा-कांग्रेस आगे चल रहे हैं। महाकौशल की इकलौती सीट भाजपा को जाते दिख रही है। कुल मिलाकर 28 में से 19 सीटों पर भाजपा, 8 पर कांग्रेस और एक सीट पर बसपा प्रत्याशी की बढ़त है।

ग्वालियर: 9 में से 7 सीट पर भाजपा आगे, 2 पर कांग्रेस

शुरुआती रुझान में सिंधिया के प्रभाव के ग्वालियर क्षेत्र की 9 में से 7 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। 2 सीटों पर कांग्रेस आगे है। ग्वालियर शहर की दोनों सीटों पर भाजपा को बढ़त है। शहर से लगे डबरा, पोहरी, अशोकनगर, मुंगावली और बमोरी में भी भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। करैरा में कांग्रेस के प्रागीलाल जाटव को बढ़त मिली है। भांडेर में कांग्रेस के फूलसिंह बरैया आगे चल रहे हैं।

चंबल में कांग्रेस भारी, भाजपा के तीनों मंत्री पीछे

चंबल की 7 में से पांच सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। मंत्री एंदलसिंह कंषाना मुश्किल में नजर आ रहे हैं। वे कांग्रेस उम्मीदवार अजबसिंह कुशवाहा से लगातार पीछे चल रहे हैं। एंदलसिंह दिग्वजयसिंह के करीबी थे और कमलनाथ सरकार से नाराजगी के चलते भाजपा का दामन थामा था। दिमनी से मंत्री गिर्राज दंडोतिया भी कांग्रेस प्रत्याशी रवींद्रसिंह तोमर से पीछे हैं। मेहगांव सीट पर कांग्रेस के हेमंत कटारे ने मंत्री ओपीएस भदौरिया को पीछे छोड़ दिया है। मुरैना में बसपा के रामप्रकाश राजौरिया ने बढ़त बना रखी है। जोरा में भाजपा के सूबेदार सिंह आगे है।

मालवा: पांचों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे

बहुचर्चित सीट सांवेर पर भाजपा के तुलसी सिलावट ने बढ़त ले ली है। बदनावर में मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव और सुवासरा में मंत्री हरदीपसिंह डंग आगे चल रहे हैं। शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद आगर में भाजपा के मनोज ऊंटवाल और हाटपीपल्या में मनोज चौधरी ने बढ़त बना ली है। हालांकि बढ़त का अंतर ज्यादा नहीं है।

निमाड़: दोनों सीटों पर भाजपा आगे

मांधाता में भाजपा के नारायण पटेल और नेपानगर में सुमित्रा कास्डेकर ने शुरुआती बढ़त बना ली है।

भोपाल: एक पर भाजपा, एक पर कांग्रेस आगे

सांची सीट पर मंत्री डॉ. प्रभुलाल चौधरी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं जबकि ब्यावरा सीट पर शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र दांगी ने बढ़त बना ली है।

बुंदेलखंड: दोनों सीटों पर भाजपा की बढ़त

मंत्री गोविंदसिंह राजपूत शुरुआत से ही बढ़त बनाए हुए हैं। इनके सामने कांग्रेस ने पारुल साहू को उम्मीदवार बनाया था। दूसरी सीट मलहरा है जहां भाजपा के प्रद्युमन लोधी आगे हैं। यहां कांग्रेस से साध्वी रामसिया मैदान में है।

महाकौशल: एकमात्र सीट भाजपा को

अनूपपुर में भाजपा के मंत्री बिसाहूलाल सिंह आगे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस से विश्वानाथ मैदान में थे। शुरुआत से ही बिसाहूलाल को यहां मजबूत माना जा रहा था। इसके पीछे वजह स्पष्ट थी कि बिसाहूलाल जीतेंगे तो उनका मंत्री बनना तय है।



Log In Your Account