युवक ने रिटायर्ड डीएसपी के पैर छुए, फिर मार दी गोली, बाल-बाल बचे

Posted By: Himmat Jaithwar
12/6/2020

शिवपुरी। महल रोड स्थित अपने आवास के बाहर बैठे रिटायर्ड डीएसपी को एक युवक ने गोली मार दी। युवक कार से उतरा और पहले रिटायर्ड डीएसपी के पैर छुए, फिर कट्‌टा निकालकर कनपटी को निशाना बनाकर गोली चला दी लेकिन निशाना चूक गया और गोली से निकले छर्रा रिटायर्ड डीएसपी के गाल में घुस गया जिससे वे घायल हो गए। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वारदात शनिवार की शाम करीब 7 बजे की है। जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम 7 बजे रिटायर्ड डीएसपी सुरेश सिंह सिकरवार अपने घर के बाहर कुछ लोगों के संग बैठे हुए थे। इसी दौरान सौरभ चौहान नाम का युवक अपनी ऑल्टो कार से आया और गाड़ी से उतरकर सिकरवार के नजदीक पहुंचा।

सम्मान के साथ सौरभ ने पहले सुरेश सिंह सिकरवार के पैर छुए, फिर ऊपर उठते ही जेब से कट्‌टा निकालकर कनपटी पर अढ़ाते हुए फायर कर दिया, लेकिन सिकरवार संभल गए और युवक का निशाना चूक गया जिससे रिटायर डीएसपी की जान बच गई। हालंकि कट्‌टे से चली गोली का एक छर्रा गाल में धंस गया है। मौके पर मौजूद लोग आनन फानन में रिटायर डीएसपी को इलाज के लिए पहले निजी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

फायर करने के बाद कार से ही भाग गया आरोपी युवक
रिटायर्ड डीएसपी पर कट्‌टे से फायर करके युवक अपनी ऑल्टो कार से मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली सहित फिजिकल और देहात थाना पुलिस सक्रिय हो गई। एसडीएम सुधीर सिंह कुशवाह भी अस्पताल पहुंच गए थे। रिटायर्ड डीएसपी सिकरवार ने खुद बताया कि सौरभ चौहान ने पहले उनके पैर छुए, फिर कट्‌टे से गोली मार दी है। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले वह कार से फरार हो गया।

एक्स-रे में गाल में एक छर्रा धंसा, सीटी स्कैन भी कराया
सिद्धि विनायक अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने रिटायर डीएसपी सुरेश सिंह सिकरवार का चेकअप किया और एक्स-रे कराया। कट्‌टे की गाेली से निकला एक छर्रा बाएं गाल में धंस गया है। गोली लगने से खून बह गया है। कुर्ता पर भी खून लग गया है। सुरेश सिंह सिकरवार काे सीटी स्कैन के लिए जिला अस्पताल लाया गया। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जमीन के विवाद में युवक ने किया फायर
^किसी प्राॅपर्टी को लेकर विवाद के चलते युवक ने रिटायर्ड डीएसपी पर कट्‌टे से फायर किया है। निशाना चूक जाने से वे बच गए। मौके से भागे युवक को पकड़ने के लिए पुलिस टीम भेजी हैं। कोतवाली में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर युवक को जल्द गिरफ्तार करेंगे।
राजेश सिंह चंदेल, एसपी

शिव कॉलोनी के सामने जमीन पर प्लॉटिंग को लेकर झगड़ा, युवक के पिता जेल गए

शिव कॉलोनी के सामने जमीन पर कुछ लोगों द्वारा प्लॉटिंग की जा रही है। बताया जा रहा है कि प्लॉटिंग करने वाले लोग रिटायर्ड डीएसपी सिकरवार के करीबी हैं। शनिवार सुबह प्लॉटिंग को लेकर झगड़ा हो गया था। इस झगड़े में युवक सौरभ के पिता छुन्ना चौहान को पुलिस पकड़कर ले गई। कोर्ट में पेश करने के बाद जेल वारंट बन जाने से उन्हें जेल भेज दिया गया। अपने पिता के जेल जाने से नाराज सौरभ कट्‌टा लेकर डीएसपी की हत्या करने पहुंच गया। सौरभ के भागने के बाद पुलिस घर सहित उसके परिचितों के यहां दबिश दे रही है।



Log In Your Account