मुंबई. राम नवमी की छुट्टी के बाद सप्ताह के आखिरी दिन भारतीय बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बाजार 358 अंक ऊपर खुला था, लेकिन 1 मिनट के अंदर ही इसमें गिरावट आ गई, जो बाजार बंद होने तक बनी रही। ट्रेडिंग के दौरान बाजार 1122.74 अंक तक गिर गया। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स ने 591.07 अंक या 2.09% नीचे 27,674.24 पर और निफ्टी 170.00 पॉइंट या 2.06% नीचे 8,083.80 का करोबार किया। इससे पहले बुधवार को भी बाजारों में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स ने 1203.18 अंक या 4.08% नीचे 28,265.31 पर और निफ्टी ने 343.95 पॉइंट या 4.00% नीचे 8,253.80 पर कारोबार खत्म किया था।
दुनियाभर के ज्यादातर बाजार बढ़त के साथ बंद
गुरुवार, 2 अप्रैल को अमेरिकी बाजार के साथ दुनियाभर के कई बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जोंस 2.24 फीसदी की बढ़त के साथ 469.93 अंक ऊपर 21,413.40 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 1.72 फीसदी बढ़त के साथ 126.73 अंक ऊपर 7,487.31 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 2.28 फीसदी बढ़त के साथ 56.40 पॉइंट ऊपर 2,526.90 पर बंद हुआ। हालांकि, चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.21 फीसदी गिरावट के साथ 5.75 पॉइंट नीचे 2,774.89 पर बंद हुआ।
बीएसई बैंकिंग सेक्टर में 15% तक की गिरावट
बैंक |
गिरावट (%) |
RBL बैंक |
15.53 % |
फेडरल बैंक |
3.51 % |
एक्सिस बैंक |
9.16 % |
ICICI बैंक |
7.51 % |
SBI बैंक |
5.92 % |
HDFC बैंक |
1.95 % |
सिटी यूनियन बैंक |
3.67 % |
कोटक बैंक |
2.01 % |
इंडसइंड बैंक |
8.49 % |
बीएसई पर करीब 45 फीसदी कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही
- बीएसई का मार्केट कैप 108 लाख करोड़ रुपए रहा
- 2,418 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 1,135 कंपनियों के शेयर बढ़त में और 1,104 कंपनियों के शेयर में गिरावट रही
- 24 कंपनियों के शेयर 1 साल के उच्च स्तर और 195 कंपनियों के शेयर एक साल के निम्न स्तर पर रहे
- 276 कंपनियों के शेयर में अपर सर्किट और 232 कंपनियों के शेयर में लोअर सर्किट लगा
भारत को 1 बिलियन डॉलर की मदद
कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में वर्ल्ड बैंक ने भारत को 1 बिलियन डॉलर (करीब 7600 करोड़) की आपात मदद को मंजूरी दी है। इस फंड के जरिए कोविड-19 के मरीजों की बेहतर स्क्रीनिंग, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और डायग्नोस्टिक्स में मदद मिलेगी। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की खरीदी और आइसोलेशन वार्ड बनाने में भी सुविधा होगी। इधर, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 हजार 542 हो गई। इनमें से 191 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 72 की जान चली गई। गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमण के 460 मामले सामने आए।
कच्चे तेल में एक दिन की बड़ी उछाल
ब्रेंट कड्रू का जून अनुबंध गुरुवार को 21 फीसदी की तेजी के साथ 29.94 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जो कि सबसे बड़ी एक दिनी तेजी हैं, जबकि बीते सत्र में ब्रेंट क्रूड का उपरी स्तर 36.29 डॉलर प्रति बैरल रहा। वहीं, अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) का मई अनुबंध बीते सत्र में 24.67 फीसदी की तेजी के साथ 25.32 डॉलर पर बंद हुआ जबकि कारोबार के दौरान 27.39 डॉलर तक उछला जो कि 20 मार्च के बाद का सबसे उंचा स्तर है।
कोरोना पर पीएम का तीसरा संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना महामारी के बीच शुक्रवार को देशवासियों के साथ 11 मिनट का एक वीडियो मैसेज साझा किया। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ अब तक 9 दिन के लॉकडाउन में लोगों ने अनुशासन का परिचय दिया। इस रविवार 5 अप्रैल रात 9 बजे आप सब 9 मिनट घर की लाइटें बंद कर मोमबत्ती, टॉर्च, दीये या मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाएं। साथ ही मोदी ने ताकीद दी कि टॉर्च, दीये या मोबाइल की लाइट जलाते वक्त बाहर न जाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।